नई दिल्ली, उत्तर और दक्षिण भारत में दो तरह का मौसम चल रहा है। उत्तर में भीषण गर्मी और लू ने लोगों की नाक में दम कर रखा है,वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जिन राज्यों में बारिश की चेतावनी दे गई उसमें तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और ओडिशा आदि शामिल है। इधर राजधानी दिल्ली हीटवेव की चपेट में है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, कोमोरिन क्षेत्र और निकटवर्ती दक्षिण तमिलनाडु तट पर समुद्र तल से 1.5 से 4.5 किलोमीटर ऊपर एक परिसंचरण बना हुआ है। कोमोरिन क्षेत्र और इससे सटे दक्षिण तमिलनाडु तट पर चक्रवाती परिसंचरण से लक्षद्वीप तक एक ट्रफ रेखा फैली हुई है। वहीं पूर्वी राजस्थान के मध्य भागों और आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। दक्षिणी बांग्लादेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पूर्वोत्तर असम और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मानसून के 19 मई के आसपास दक्षिण अंडमान सागर, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और निकोबार द्वीप समूह में आगे बढ़ने की उम्मीद है। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर पर है।  
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 22 मई तक सीवियर लू का अलर्ट है। इस दौरान तेज गर्म हवाएं चलने की आशंका है और दिन का पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान, तेलंगाना, कर्नाटक, आंतरिक तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, ओडिशा के कुछ हिस्सों और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ कुछ भारी बारिश की उम्मीद है। वहीं दक्षिणी छत्तीसगढ़, सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, उत्तरी छत्तीसगढ़, दक्षिणी कोंकण और गोवा और दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिमी हिमालय, विदर्भ, मराठवाड़ा, दक्षिणी मध्य प्रदेश और गुजरात में हल्की बारिश संभव है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में तापमान और बढ़ सकता है। गुजरात, राजस्थान, पंजाब के कुछ हिस्सों और हरियाणा में लू की स्थिति संभव है।