मैनपुरी । उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की ईशन नदी में ‘राम’ नाम लिखा एक पत्थर मिलने के बाद श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। ग्रामीणों का दावा है कि राम नाम लिखा यह पत्थर नदी में तैर रहा था, तभी चरवाहों की उस पर नजर पड़ गई। एक चरवाहा नदी में घुसकर पत्थर को बाहर निकाल लाया। राम नाम लिखे इस पत्थर को देखकर ग्रामीण आश्चर्यचकित हैं। आस्था भाव से इसकी पूजा कर रहे हैं। पत्थर को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। फिलहाल राम नाम लिखा यह पत्थर का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। प्राप्त विवरण के अनुसार यह घटना कुसमरा क्षेत्र में अहमलपुर ग्राम पंचायत के पास ईशन नदी की है। बताया जाता है कि रविवार को कुछ चरवाहे नदी के अपने पशु चरा रहे थे। इसी दौरान उन्हें नदी में एक पत्थर तैरता दिखाई दिया। चरवाहे पत्थर को निकालकर गांव ले आए और ग्राम प्रधान को सूचना दी। अहमलपुर ग्राम पंचायत के गांव प्रधान नितिन पांडेय ने पानी में तैरने वाले पत्थर को अपने सुपुर्द ले लिया। उन्होंने टब में पानी भरकर पत्थर डाला तो वह तैरता रहा। यह देखकर ग्रामीण हैरत में पड़ गए। जिस किसी को भी इसकी जानकारी मिली, वह इस पत्थर को देखने चला आया। बात जंगल में आग की तरह फैल गयी। ग्रामीण पानी में तैरने वाले पत्थर को आस्था से जोड़कर देख रहे हैं। प्रधान ने बताया कि इस अद्भुत पत्थर को वह कुसमरा रामलीला स्थित हनुमान मंदिर पर एक कुंडी बनवाकर उसमें रखेंगे, जहां पूजा पाठ होगा।