पिछले साल 200 करोड़ ने किया था सफर इस साल 20 % बढ़े, दिल्ली मेट्रो लोगों को खूब भा रही
नई दिल्ली । दिल्ली एनसीआर के वासियों के लिए मेट्रो एक आदत बन गई है। यही वजह है कि हर साल मेट्रो की राइडरशिप लगातार बढ़ रही है। जहां 2023 में दिल्ली मेट्रो में 200 करोड़ से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया। वहीं, 2024 के शुरुआती चार महीने में यात्रियों की संख्या में लगभग 20% का इजाफा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2022 में लगभग 140 करोड़ यात्रियों ने मेट्रो से सफर किया था, जबकि 2023 में यह संख्या बढ़कर 2,032,342,972 हो गई। 2024 के शुरुआती चार महीनों में 2023 के मुकाबले राइडरशिप में करीब 20% का इजाफा हुआ है। इस साल जनवरी में लगभग 6 करोड़ 62 हजार यात्रियों ने सफर किया। जबकि, फरवरी में यह आकड़ा साढ़े छह करोड़ रहा। वहीं, मार्च में यात्रियों की संख्या छह करोड़ के आस-पास देखने को मिली और अप्रैल में यह संख्या तकरीबन 6 करोड़ 75 हजार के करीब देखा गया। देखा जाए, तो सबसे ज्यादा यात्रियों ने फरवरी के महीने में यात्रा की। डीएमआरसी के अनुसार, 13 फरवरी को 71.09 लाख लोगों ने यात्रा की। जो कि अब तक की सबसे ज्यादा संख्या है। अधिकारियों का कहना है कि मेट्रो अपने यात्रियों की सुविधा के लिए कई तरह के उपाय करती रहती है, जिसकी वजह से मेट्रो के यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। इस दौरान नैशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) से लेकर क्यूआर टिकट की सुविधा यात्रियों को दी गईं। फिलहाल, मेट्रो में एनसीएमसी कार्ड होल्डर की संख्या 18.1 लाख से अधिक है। इस कार्ड को 2019 में लॉन्च किया गया था। बाद में सबसे पहले इसका प्रयोग एयरपोर्ट लाइन पर किया गया। इसी तरह वॉट्सऐप के जरिए टिकट बुकिंग की सुविधा भी सबसे पहले एयरपोर्ट स्टेशन पर दी गई थी। हालांकि, हर स्टेशन पर यह दोनों सुविधा मौजूद थी।